पच्छाद क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं। क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों में इन दिनों मौसम परिवर्तन के चलते वायरल फीवर फैला हुआ है। बच्चे, महिलाएं भी इसकी चपेट में हैं। लोग स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज करवाने पहुंच रहे हैं लेकिन चिकित्सक नहीं होने से उचित उपचार व दवाएं मुहैया नहीं हो रही।
पच्छाद के अंतर्गत पीएचसी चलोग, बागथन, कोटी बझोग केंद्रों में चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं।
यही हाल सराहां तथा धामला में भी है। यहां मात्र एक-एक चिकित्सक उपलब्ध हैं। लोगों को बीमारी का इलाज करवाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मरीजों व तीमारदारों को छोटी से छोटी बीमारी के इलाज के लिए सराहां, नाहन, राजगढ़ अथवा सोलन जाना पड़ रहा है जो अधिक खर्चीला साबित हो रहा है।
क्षेत्रवासी कुशल चौहान, धनवीर सिंह, बागथन पंचायत प्रधान महेंद्र सिंह, बागथन पंचायत के उप प्रधान देशराज, रमेश दत्त, देवेंद्र दत्त, मनमोहन सिंह, सुरेंद्र कुमार, राजकुमार आदि ने बताया कि मौजूदा स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में इन दिनों लोग बुखार से भी पीड़ित हैं लेकिन उचित उपचार नहीं मिल रहा। विभाग व सरकार को चाहिए कि केंद्रों पर स्टाफ तैनात किया जाए।
उधर बीएमओ पच्छाद डॉ. यशवंत कुमार ने बताया कि कई केंद्रों पर लंबे समय से पद खाली चल रहे हैं जिनकी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।