दीपावली आपके भीतर के प्रकाश का है प्रतीक : रमा दीदी
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय नाहन में मनाया दीपावली पर्व
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय नाहन के प्रभु उपवन में दीपों का त्योहार दीपावली बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर सेवाकेंद्र की संचालिका बीके रमा दीदी ने उपस्थित सभी भाई-बहनों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनको दीपावली के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि प्रकाश सभी को अच्छा लगता है। प्रकाश में हर चीज अपने सही रूप में दिखाई देती है। अंधकार में ठोकर लगने या उसके विकृत रूप में दिखाई देने की भूल हो सकती है। दीपावली भी प्रकाश का पर्व है लेकिन यह अपने भीतर के प्रकाश का प्रतीक है।
बाहर का प्रकाश तो हम रोज देखते हैं लेकिन यह पर्व हमें अपने भीतर के जगत के दर्शन करवाता है। जब हम अपने परिश्रम व कर्मठता से संगठित रूप में विश्व के कोने-कोने में दिव्य गुणों का प्रकाश फैलाएंगे तब ही सही मायने में दिवाली मनाएंगे।
उन्होंने आत्मज्ञान की रोशनी में काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार और आलस्य की अमावस्या को जलाने और शुद्ध स्नेह, शांति, संतोष, आत्मिक भाव और नम्रता की पूर्णमासी अर्थात पूर्णता के युग का आह्वान किया।
इस अवसर पर दीपा बहन, शिवानी बहन ने सबको इस पर्व की बधाई दी। प्रियंका बहन ने कविता प्रस्तुत की जबकि कुमारी शालू ने प्रभू तेरे रंग में..., कुमारी वंदना ने इक राधा इक मीरा.., गीत पर सुंदर प्रस्तुति दी।
-संवाद
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय नाहन में दीपावली पर्व कार्यक्रम में मौजूद लोग। संवाद