संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दीनदयाल वर्मा के नवीन काव्य-संग्रह ‘धुंध के उस पार’ का विमोचन सोमवार को शिक्षा विभाग शिमला की सहायक निदेशक रेखा कश्यप ने किया।
इस दौरान रेखा कश्यप ने कहा कि यह काव्य-संग्रह समकालीन हिंदी साहित्य में संवेदनशील, आत्मनिष्ठ और प्रकृति-प्रधान रचना के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाता है। यह केवल कविताओं का संग्रह नहीं है, बल्कि जीवन के अनुभवों, स्मृतियों और आत्मिक खोज का दस्तावेज है।
उन्होंने कहा कि डॉ. दीनदयाल वर्मा का अधिकांश लेखन पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति पर ही रचा गया है। वन विभाग से सहायक अरण्यपाल के रूप में सेवानिवृत्त अधिकारी डॉ. वर्मा लगभग पिछले छह दशकों से हिंदी साहित्य की सेवा कर रहे हैं। यह संग्रह पाठक को केवल सौंदर्य बोध नहीं देता बल्कि उसे जीवन के गहरे अर्थों को समझने की दिशा में भी प्रेरित करता है। अंततः यह कहा जा सकता है कि यह कृति एक सकारात्मक और आशावादी दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।
इस अवसर पर रश्मि प्रकाशन पंजीकृत, नाहन की प्रबंध निदेशक मीरा वर्मा, प्रधानाचार्य राजेश कश्यप, माला चौहान, उमा पुंडीर, राहुल कुमार, सूर्या, मायाराम, कलाकार मेहर चंद एवं विकास सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. दीनदयाल वर्मा के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए पुस्तक की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में लेखक डॉ. दीनदयाल वर्मा ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।