खास खबर-975 ट्रेंच, 209 रीचार्ज तालाब और 23 चेक डैम से बदली तस्वीर, सूखे जलस्रोत हुए पुनर्जीवित
भजन चौधरी
धौलाकुआं (सिरमौर)। जिले के धौलाकुआं क्षेत्र के गांव बेरवाली की रहने वाली धर्मो देवी की समिति ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ऐसी मिसाल कायम की है, जिसकी सराहना हो रही है। वन विकास समिति की अध्यक्ष धर्मो देवी ने सामुदायिक सहभागिता और दृढ़ संकल्प के बल पर न केवल गांव में पानी के संकट को काफी हद तक दूर किया, बल्कि वर्षों से बंजर होती जा रही जमीन को भी फिर से जीवन दे दिया।
धर्मो देवी ने बताया कि वर्ष 2020 से उन्होंने जल संरक्षण अभियान की शुरुआत की। इसको लेकर वन विभाग से उन्हें अनुमति मिली। ग्रामीणों को साथ जोड़कर वर्षा जल को सहेजने और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया। अभियान के तहत पहाड़ियों और ढलानों पर 975 ट्रेंच का निर्माण किया गया, जबकि वर्षा जल को जमीन के भीतर पहुंचाने के लिए 209 रीचार्ज तालाब बनाए गए। इसके अलावा पानी के तेज बहाव को नियंत्रित करने और मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए 23 चेक डैम तैयार किए गए।
इन प्रयासों का परिणाम यह रहा कि करीब 109 मिलियन लीटर भूजल धरती के भीतर रीचार्ज हुआ। जल संरक्षण कार्यों से न केवल प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हुआ, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिले। धर्मो देवी ने बताया कि जल संरक्षण अभियान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। क्षेत्र में करीब 1500 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण किया गया, जिससे हरियाली बढ़ी और मिट्टी के कटाव पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया गया। उन्होंने बताया कि इससे महिलाओं को रोजगार भी मिला।
ग्रामीणों के अनुसार इस अभियान का सबसे बड़ा असर भूजल स्तर में सुधार के रूप में देखने को मिला है। पहले जहां पानी के लिए 180 फीट तक बोरिंग करनी पड़ती थी, वहीं अब 130 से 140 फीट की गहराई पर ही पानी उपलब्ध हो रहा है। लंबे समय से सूख चुके पारंपरिक जलस्रोत फिर से जीवित हो गए हैं और खेतों में नमी बनी रहने से कृषि को भी लाभ मिल रहा है।
स्थानीय निवासी शीशपाल सैनी और मोनिका ने बताया कि ग्रामीणों ने श्रमदान के माध्यम से इस अभियान को सफल बनाया। चेक डैम और ट्रेंच बनने से वर्षा जल का संरक्षण हुआ, मिट्टी का कटाव रुका और पूरे क्षेत्र में जल एवं मृदा संरक्षण की एक अनुकरणीय मिसाल स्थापित हुई।
संवाद
धौलाकुआं के बेरवाली गांव में तैयार किए पोंड व चेक डेम। संवाद