नवरात्र में मंदिरों में की जाएगी स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। शक्तिपीठ माता बाला सुंदरी मंदिर, त्रिलोकपुर में पारंपरिक ज्योति मिलन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर अलग-अलग स्थानों से आए श्रद्धालुओं के जत्थे मां की ज्योति लेने मंदिर पहुंचे और नवरात्र के लिए आशीर्वाद लिया।
सरस्वती सरोवर ट्रस्ट सोसायटी, अंबाला (हरियाणा) के वरिष्ठ सेवक रामपाल सिंगला और पंडित पंकज वशिष्ठ ने बताया कि हर वर्ष नवरात्र से पूर्व यह परंपरा निभाई जाती है। इसके अंतर्गत देशभर के प्रमुख शक्तिपीठों से ज्योति लाकर विभिन्न मंदिरों में स्थापित की जाती है। इस वर्ष त्रिलोकपुर शक्तिपीठ को इस परंपरा का विशेष केंद्र बनाया गया है। यहां से ज्योति ले जाकर नवरात्र में मंदिरों में प्रतिष्ठित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से यह परंपरा श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक बनी हुई है। सिरमौर जिले में यह दूसरा शक्तिपीठ है, जहां ज्योति मिलन का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूर्व हरिपुरधार स्थित माता भंगायणी मंदिर में भी यह आयोजन भव्य रूप से सम्पन्न हो चुका है।
इस अवसर पर महेश कुमार, राजेंद्र कुमार जुनेजा, बॉबी गुप्ता, राजेश अग्रवाल, विनोद बंसल, राकेश कश्यप, संजीव वालिया, पवन, मंगू और पप्पू सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।