भाजपा युवा मोर्चा रेणुका खंड के पालर क्षेत्र की 7 पंचायतों के कार्यकर्ताओं की बैठक बोगधार में भाजयुमो अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं ने सीपीएस विनय कुमार पर शामरा, चोकर, कुफ्फर गवाही, लाना चेता, सैर तंदुला, भुटली मानल व भाटन भुजोंड आदि पंचायतों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सीपीएस सड़कों पर करोड़ों की राशि खर्च करने का दावा कर रहे हैं लेकिन क्षेत्र की सड़कों की हालत किसी से छिपी नहीं है।
उन्होंने कहा कि नौहराधार-मैथली वाया बोगधार टौंडा सड़क पर विभाग 16 करोड़ की राशि खर्च कर रहा है जिस पर टारिंग का कार्य किया जा रहा है मगर यह सड़क बनने से पहले ही उखड़नी शुरू हो गई है।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की इन 7 पंचायतों में न तो कोई नया स्कूल खोला गया और न ही पुराने स्कूलों को अपग्रेड किया गया। सीपीएस ने मिडल स्कूल निहोग व मानल को उच्च तथा टोंडा व भाटन भुजोंड हाई स्कूलों को वरिष्ठ स्कूल का दर्जा देने की घोषणा की थी जो कोरी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता आगामी विस चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।