फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: उपमुख्यमंत्री ने किए 7.50 करोड़ की विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास

विज्ञापन
पांवटा में उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते सीएंडवी अध्यापक संघ के सदस्य। स्रोत: संघ
विज्ञापन
-ठोंठा-जाखल उठाऊ पेयजल योजना के विस्तार की आधारशिला रखी
विज्ञापन


-पश्मी में पेयजल योजना और सराय निर्माण को 25 लाख देने की घोषणा

संवाद न्यूज एजेंसी

शिलाई (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिला सिरमौर के प्रवास के दौरान शिलाई उपमंडल के टिंबी में 7.50 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास किए। इस दौरान उनके साथ उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री ने लगभग 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित कालची-चियाली उठाऊ पेयजल योजना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टिंबी में नव निर्मित पुस्तकालय का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने 5.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ठोंठा-जाखल उठाऊ पेयजल योजना के विस्तार की आधारशिला रखी। साथ ही 1.11 करोड़ रुपये की लागत से टिंबी में जलशक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर का शिलान्यास भी किया।
विज्ञापन


इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व कर रहे उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के कार्यों और उनके सशक्त नेतृत्व की सराहना की। उपमुख्यमंत्री ने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के तहत स्वीकृत 18 करोड़ रुपये की जल आपूर्ति योजना को भी शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने क्षेत्र में आवश्यक स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के कार्यों को भी जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने टिंबी में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह का कार्य शीघ्र पूरा करने और शिलाई में बस अड्डा निर्माण के लिए भूमि चयन करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने शिलाई से शिमला, शिलाई से हरिद्वार, शिलाई से चंडीगढ़ और अन्य स्थानीय रूटों पर बस सेवा शुरू करने का आश्वासन भी दिया।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की छवि एक कर्मठ और दूरदर्शी नेता के रूप में जानी जाती है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपने विभागों से संबंधित विभिन्न जन समस्याएं और मांगें भी रखीं तथा उन्हें जल्द पूरा करने का आग्रह किया।

उद्योग मंत्री ने कहा कि टिंबी क्षेत्र 10 पंचायतों का केंद्र बिंदु है और यहां विश्राम गृह की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। भूमि आवंटन के बाद 25 लाख रुपये की लागत से सड़क व अन्य प्रारंभिक कार्य पूरे किए गए हैं और शीघ्र ही विश्राम गृह भवन का निर्माण कार्य पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।

इससे पूर्व शिलाई पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ पश्मी गांव में छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दरबार में आशीर्वाद लेने पहुंचे। पशमी निवासियों की मांग पर पेयजल योजना के लिए 15 लाख तथा सराय निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।



इनसेट-1

108 एबुलेंस कर्मियों ने रोका उपमुख्यमंत्री का काफिला

शिलाई। पश्मी स्थित चालदा महासू महाराज मंदिर में शीश नवाकर लौट रहे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन के काफिले को 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने बीच रास्ते में रोक लिया और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्ष 2010 से प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान संचालक कंपनी की ओर से उनके साथ कथित तौर पर श्रम कानूनों का उल्लंघन करते हुए शोषण किया जा रहा है। कर्मियों का आरोप है कि माननीय उच्च न्यायालय और शिमला मजिस्ट्रेट की ओर से निर्धारित न्यूनतम वेतन के बजाय उन्हें केवल 11 से 12 हजार रुपये मासिक दिए जा रहे हैं। उनसे आठ घंटे के बजाय 12-12 घंटे की ड्यूटी ली जा रही है, जो श्रम नियमों के विरुद्ध है। संवाद

-

इनसेट-2

सीएंडवी अध्यापक संघ ने सौंपा ज्ञापन

पांवटा साहिब। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के सिरमौर दौरे के दौरान पांवटा साहिब में सीएंडवी अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ की राज्य महिला विंग की अध्यक्ष कांता ठाकुर ने बताया कि 3 जनवरी 2022 को जब प्रदेश में नया वेतनमान लागू किया गया था, उस समय से सीएंडवी को मिलने वाली विशेष वेतन वृद्धि रोक दी गई है। जबकि यह वेतन वृद्धियां नए वेतनमान या किसी भी प्रकार के वेतन निर्धारण का हिस्सा नहीं हैं। यह लाभ केवल उस स्थिति में दिया जाता है जब कोई सीएंडवी वर्ग का अध्यापक 20 वर्ष तक पदोन्नत नहीं होता है। उन्होंने कहा कि 20 जनवरी 2026 को प्रधान सचिव (शिक्षा) के कार्यालय से सीएंडवी अध्यापकों की विशेष वेतन वृद्धियों को बंद करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह इस वर्ग के साथ सरासर अन्याय है, जबकि हिमाचल पथ परिवहन निगम के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को यह लाभ पूर्व की भांति अभी भी दिया जा रहा है। उन्होंने विशेष वेतन वृद्धि रोकने की अधिसूचना को तत्काल प्रभाव निरस्त करने की मांग की है। संवाद
विज्ञापन


-

इनसेट-3

सिंचाई कूहल दुरुस्त करवाने की मांग

सतौन। गिरिपार क्षेत्र के मुख्य द्वार सतौन पंचायत में 150 परिवारों की करीब 800 बीघा जमीन की सिंचाई करने वाली कूहल पिछले तीन साल से बंद पड़ी है। सिंचाई व्यवस्था ठप होने से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को सतौन में ज्ञापन सौंपकर कूहल को जल्द दुरुस्त करने की मांग उठाई है। सतौन पंचायत के पूर्व उपप्रधान रामेश्वर शर्मा, ममता देवी, सुरेंद्र कुमार, जगत तोमर, पंकज शर्मा और राजेंद्र तोमर ने बताया कि करीब तीन साल पहले नेशनल हाईवे-707 के चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ से निकले मलबे को ढांग में फेंक दिया गया, जिससे सतौन की ओर आने वाली सिंचाई कूहल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद से अब तक जल शक्ति विभाग की ओर से कूहल की मरम्मत नहीं करवाई गई है। कूहल बंद होने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है, जिससे खेत धीरे-धीरे बंजर होते जा रहे हैं। इसके अलावा लोगों ने शिलाई से वाया सतौन चंडीगढ़ और हरिद्वार के लिए निगम की बस सेवा शुरू करने की मांग भी की। संवाद

पांवटा में उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते सीएंडवी अध्यापक संघ के सदस्य। स्रोत: संघ

पांवटा में उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते सीएंडवी अध्यापक संघ के सदस्य। स्रोत: संघ

पांवटा में उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते सीएंडवी अध्यापक संघ के सदस्य। स्रोत: संघ

पांवटा में उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते सीएंडवी अध्यापक संघ के सदस्य। स्रोत: संघ

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें