उपायुक्त ने अतिक्रमण रोकने और श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश
पांवटा साहिब में बैठक, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर भी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। विकास खंड अधिकारी कार्यालय पांवटा साहिब के सभागार में देईजी साहिबा मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विषयों को लेकर बैठक हुई। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने इसकी अध्यक्षता की। बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर भूमि से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों से मंदिर में उपलब्ध सुविधाओं और मौजूदा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मंदिर भूमि की नपाई करवाने और भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा और मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के लिए एक समिति का गठन किया गया। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। मंदिर परिसर में स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल, तहसीलदार मस्त राम शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति जितेंद्र ठाकुर, बीडीओ विकास बंसल, हिमोत्कर्ष के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश गोयल, मदन मोहन शर्मा, अश्वनी शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और देईजी साहिबा टेंपल ट्रस्ट के पदाधिकारी मौजूद रहे।