पंचायतीराज चुनाव में पुलिस जवानों के साथ दी सेवाएं
अन्य जिलों में मानदेय मिला तो सिरमौर के ही गृह रक्षकों को क्यों नहीं : सोमदत्त
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिले के गृहरक्षकों को पिछले चार माह से मानदेय नहीं मिला है। मई 2026 में पंचायती राज के चुनाव में पालिंग पार्टियों, पुलिस जवानों के साथ कंधे से कंधा मिला कर ड्यटी दी। होमगार्ड जिला इकाई का कहना है कि अन्य जिलों में मानदेय मिल चुका है केवल जिला सिरमौर के ही 400 होमगार्ड जवानों के लिए बजट का प्रावधान क्यों नहीं हो सका है।
गृहरक्षकों कुलदीप ठाकुर, अमन ठाकुर, यशपाल ठाकुर, चमन, नरेश, रोशन लाल, राधा देवी व अन्यों ने बताया कि मानदेय नहीं मिलने से दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। होमगार्ड जिला सिरमौर इकाई के अध्यक्ष सोमदत्त ठाकुर ने बताया कि लगभग 400 गृहरक्षकों को चुनाव ड्यूटी पर तैनात किया गया था, जिनका मानदेय अभी तक नहीं मिला है। प्रदेश के बाकी जिलों में सभी का मानदेय मिल चुका है, सिर्फ जिला सिरमौर के गृह रक्षों का मानदेय अभी भी नहीं मिला है।
इस विषय में एसपी कार्यालय नाहन में कई बार पता किया गया। कहा कि अभी बजट नहीं होने का हवाला दिया जा रहा है। एसपी ऑफिस से कहा गया कि डीसी ऑफिस नाहन के लिए रिमाइंडर भेजा गया है, जैसे ही बजट आएगा गृहरक्षकों का मानदेय दे दिया जाएगा।