गिरिपार क्षेत्र के किसानों ने उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कफोटा (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र की प्रमुख नकदी फसल लहसुन के लिए किसानों ने समर्थन मूल्य तय करने की मांग उठाई है। किसानों का कहना है कि वे उच्च गुणवत्ता का लहसुन उगा रहे हैं, लेकिन बाजार में चीन का लहसुन आने से दाम गिर जाते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों सूरत सिंह, दिनेश कुमार, हितेंद्र सिंह, बारू राम, रघुबीर सिंह, साधू राम, लायक राम, चतर सिंह सहित अन्य किसानों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि अदरक की तरह लहसुन का भी समर्थन मूल्य तय किया जाए, ताकि किसानों को उचित दाम मिल सकें और उन्हें घाटे से बचाया जा सके।
किसानों के अनुसार कुछ वर्ष पहले अदरक फसल सड़न रोग की चपेट में आने के बाद क्षेत्र के किसानों ने लहसुन को विकल्प के रूप में अपनाया था। धीरे-धीरे यह फसल गिरिपार क्षेत्र की मुख्य आय का स्रोत बन गई है। ट्रांसगिरी क्षेत्र में उत्पादित लहसुन की गुणवत्ता बेहतर होने के कारण इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मांग रहती है।
किसानों का कहना है कि जब तक बाजार में स्थानीय लहसुन की मांग रहती है, उन्हें अच्छे दाम मिलते हैं, लेकिन जैसे ही बाहरी खासकर चीन का लहसुन मंडियों में पहुंचता है तो कीमतों में भारी गिरावट आ जाती है। इससे लागत भी नहीं निकल पाती। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की इस मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। संवाद