कफोटा में नशे के बढ़ते कारोबार पर रोक लगाने को लेकर क्षेत्र की चार पंचायतों के प्रतिनिधियों की बैठक पुलिस के साथ विश्राम ग्रह में आयोजित हुई जिसमें शिल्ला, बोकाला पाब, शावगा व दुगाना पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र के युवा नशे के बढ़ते कारोबार के चलते बर्बाद हो रहे हैं। यहां पर शराब, भांग एवं नशीली दवाएं व्यापारियों की ओर से खुले तौर पर बेची जा रही है जिसमें क्षेत्र के युवा एवं स्कूली छात्र फंसते जा रहे हैं। इस पर रोक लगाना जरूरी है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नशे का कारोबार करने वालों को अंतिम चेतावनी देकर उनके खिलाफ शिकंजा कसा जाएगा, यदि कोई नशीली वस्तुएं बेचता पकड़ा गया तो चार पंचायतों की जनता उसकी जमानत भी नहीं होने देगी। बैठक में शिलाई थाना के एचएचसी सुमेर चंद शर्मा ने जनता से सहयोग की अपील की।
बैठक में शिल्ला पंचायत प्रधान सोरतो देवी, बोकाला पाब के प्रधान खेउटा राम, दुगाना पंचायत प्रधान लीला देवी, शावगा पंचायत प्रधान चतर सिंह, क्षेत्रीय विकास समिति कफोटा के अध्यक्ष गुमान सिंह, उप प्रधान रामानंद, अनिल कुमार, धीमान सभा अध्यक्ष दीप चंद, रणजीत चौहान, जगत राम शर्मा, बोकाला पाब के पूर्व प्रधान तोता राम, संत राम, धनवीर सिंह, हृदय राम पुंडीर, सुरेश पुंडीर, कल्याण सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।