शिलाई (सिरमौर)। शिलाई के कफोटा में खंड विकास कार्यालय खोलने की मांग को लेकर भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। गुस्साए लोगों ने कांग्रेस और भाजपा नेताओं के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि नया विकास खंड कार्यालय कफोटा में ही खोला जाए। इसे किसी दूसरी जगह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
क्षेत्रीय विकास समिति व्यापार मंडल कफोटा के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों और 12 पंचायतों के लोगों ने शुक्रवार को कफोटा में प्रदर्शन किया। नया खंड विकास कार्यालय कफोटा में खोलने की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने एक रैली भी निकाली। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने तीन घंटे बाजार भी बंद रखा। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने लोगों को आजतक आश्वासन ही दिए हैं लेकिन अब उनके सब्र का बांध टूट गया है। यदि इस बार नया खंड विकास कार्यालय कफोटा में नहीं खोला गया तो आने वाले समय में सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार कमरऊ के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी भेजा जिसमें नया खंड विकास कार्यालय कफोटा में खोलने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों में शामिल रविंद्र शर्मा, नरेश तोमर, कपिल चौहान, सुरेश चौहान, दिनेश भारद्वाज, राकेश शर्मा, जीवन पुंडीर, अनिल कुमार, बलबीर, दलीप कुमार, ब्रह्मानंद आदि दर्जनों लोगों ने कहा कि क्षेत्र में नया खंड विकास कार्यालय खोला जाना है।
राजनीतिक दबाव में इसे किसी अन्य क्षेत्र में खोलने की तैयारी है। जबकि पंचायतीराज के चुनाव के बाद क्षेत्र की 12 पंचायतों ने प्रस्ताव पारित करके नया खंड विकास कार्यालय कफोटा का प्रस्ताव भी पारित किया है। अब यदि यहां खंड विकास कार्यालय नहीं खोला गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन होना निश्चित है। सरकार को हर हाल में कफोटा में खंड विकास कार्यालय खोलना होगा।