नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक राधा कृष्ण मंदिर कच्चा टैंक नाहन में प्रधान राजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मंगलवार को हुई इस बैठक में मंच से जुड़ी कई समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कोषाध्यक्ष सतीश चंद के साथ दो सहायक कोषाध्यक्ष अमन कुमार और अशोक कुमार को नियुक्त किया गया। बै
ठक में रोष जताया गया कि जो कर्मचारी एक जनवरी 2000 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए हैं, उनके देय भत्तों पर रोक लगा दी गई है। सेवानिवृत्त कर्मियों ने मांग की है कि उनके देय भत्तों का जल्द से जल्द भुगतान किया जाए। इसके अलावा मेडिकल भत्ता 350 रुपये से एक हजार रुपये मासिक करने, एलटीसी दो वर्ष के पश्चात हर पेंशनर को मूल पेंशन में देने की भी मांग उठाई गई।
पूर्व कर्मचारियों का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी कई कर्मचारियों के भत्ते रोके गए हैं जिससे कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में मांग की गई कि देय भत्तों का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए अन्यथा वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएंगे।
प्रधान राजेंद्र कुमार ने कहा कि सरकार समय पर पेंशन जारी नहीं कर रही है जिसके चलते वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले बुजुर्ग पेंशनरों को अपना गुजर-बसर करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पेंशनरों को सरकारी कोष से पेंशन दिलवाने का प्रावधान किया जाए। इसके अलावा लंबित चिकित्सा बिलों का जल्द भुगतान करने जो कर्मचारी सेवाकाल के दौरान स्वर्ग सिधार गए हैं उनके परिवार के सदस्यों को शीघ्र भुगतान करने जैसी कई मांगे बैठक में उठाई गई।
बैठक में प्रस्ताव पारित कर प्रधान और महासचिव को मंच की ओर से मोबाइल के लिए सौ रुपये खर्चा देने पर भी सहमति बनीं। इस बैठक में राजेंद्र कुमार, लायक राम, अशरफ अली, हरिशरण, रोशन लाल, सुरेंद्र सैणी, जगत राम, मोहम्मद लियास, अमरेश कुमार, लायक राम, अमन कुमार, ब्रह्म स्वरूप भटारा, बृज भूषण, सतीश चंद, गोरखू राम, बृज वासी, राजेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, अशोक कुमार, राम नरेश, केशव सिंह, किशन कुमार, श्याम लाल, इंद्र सिंह, बीना, नपीशा तोमर, मुजाहिद अली, फतेह सिंह, मोहम्मद इस्लाम, बिमला देवी आदि उपस्थित थे।
--------
धौलाकुआं क्षेत्र में बुधवार को आपूर्ति बाधित
धौलाकुआं(सिरमौर)। बिजली बोर्ड के धौलाकुआं सब डिविजन के सहायक अभियंता अजय चौधरी ने कहा कि बुधवार, 11 मई को 33/11केवी सब स्टेशन व बिजली की एचटी-एलटी लाइनों की मरम्मत की जाएगी। इसलिए बुधवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ददाहू, हरिपुरखोल, धारटीधार, कोलर, धौलाकुआं, गिरिनगर, कोटड़ी व्यास, पड्दूनी, बेहड़ेवाला, माजरा, मेलियों, किरतपुर, जगतपुर, मिश्रवाला, पिपलीवाला व पुरुवाला में बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी।