शिलाई (सिरमौर)। उपमंडल शिलाई के अंतर्गत बकरास पंचायत के पिंजवाना से सटे जंगल में एक युवक की गिरने से मौत हो गई है। युवक पिंजवाना स्थित अपने घर से घास काटने के लिए गया था। वीरवार रात को भी जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई। शुक्रवार को उसे खाई में मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय मामराज पुत्र तोता राम गांव पिंजवाना वीरवार को घर से मवेशियों के लिए चारा लाने गया था। देर रात तक भी वह वापस घर नहीं आया। उसके पश्चात परिजनों व ग्रामवासियों ने उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह तलाश के दौरान रास्ते में अनिल नामक एक व्यक्ति ने बताया कि एक व्यक्ति खाई में मृत पड़ा है। जिसके सिर पर भारी चोट लगी थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद शिलाई थाना से पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल शिलाई पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के पश्चात शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के पिता तोता राम व भाई दिनेश ने बताया कि फिसलन से मामराज की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई है। थाना प्रभारी मस्तराम ने कहा कि पुलिस ने सेक्शन 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।