प्राथमिक पाठशाला ददाहू के बच्चों ने पांवटा गुरुद्वारे में नवाया शीश
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। ज्ञानोदय आदर्श केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला ददाहू के बच्चों ने रविवार को गुरुद्वारा पांवटा साहिब का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने गुरुद्वारे में शीश नवाने के साथ ही यमुना नदी को भी नजदीक से निहारा और पांवटा सब्जी मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों का भी सैर स्पाटा किया। इस भ्रमण में स्कूल के चौथी व पांचवीं कक्षा के 55 बच्चे शामिल रहे।
कार्यवाहक खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी व सीएचटी सतीश शर्मा ने इन बच्चों को अपने खर्चे पर पांवटा साहिब का भ्रमण करवाया। सतीश शर्मा ने बताया कि बच्चों के भ्रमण का यह निजी प्रयास रहा जिसके लिए बच्चों से कोई शुल्क या विभाग से कोई वित्तीय सहायता नहीं ली गई। बच्चों को उनके आग्रह पर नजदीक के स्थल पर घुमाया गया। इस मौके पर बिजेश कुमार सहित स्कूल के अन्य अध्यापक मौजूद रहे।
-संवाद