-चुनाव चिह्न मिलने के बाद प्रचार में जुटे प्रत्याशी
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। पंचायतीराज संस्थानों के चुनावों को लेकर चुनाव चिह्न मिलते ही प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। इसके साथ ही पंचायतों में जोड़-तोड़ की राजनीति और रुठों को मनाने का दौर भी तेज हो गया है।
ददाहू पंचायत में प्रधान पद के लिए तिकोना मुकाबला बनने से चुनाव दिलचस्प हो गया है, जबकि उपप्रधान पद के लिए भी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। ददाहू पंचायत में प्रधान पद के लिए पूर्व प्रधान पंकज गर्ग, पूर्व उपप्रधान विजय पाल और पूर्व प्रत्याशी अखिल अग्रवाल चुनाव मैदान में हैं। वहीं उपप्रधान पद के लिए संगीत वालिया, विजय कुमार, करण जस्सल और कुलदीप सिंह अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
बीडीसी सदस्य पद के लिए दो महिला उम्मीदवार आमने-सामने हैं। ददाहू पंचायत में पहले चरण के तहत 26 मई को मतदान होगा। चुनाव प्रचार के चलते पंचायत में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार संपर्क अभियान चला रहे हैं। उधर, साथ लगती कटाह शीतला पंचायत में प्रधान पद पर सहमति बनने के बाद श्यामा ठाकुर को निर्विरोध प्रधान चुन लिया गया है। वहीं बिरला पंचायत में प्रधान पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में होने से मुकाबला रोचक बना हुआ है।
-
इनसेट-
25 लाख पुरस्कार की हकदार बनी चाढ़ना पंचायत
विकासखंड ददाहू की नवगठित चाढ़ना पंचायत का पूरा पैनल निर्विरोध चुना गया है। विकासखंड की 26 पंचायतों में से केवल चाढ़ना पंचायत ही निर्विरोध चुनी गई है। इसके चलते पंचायत अब सरकार की ओर से मिलने वाली 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि की हकदार बन गई है। पंचायत में अब केवल जिला परिषद सदस्य के लिए मतदान होगा।
ग्रामीणों ने आपसी भाईचारे और एकता का परिचय देते हुए द्वारिका देवी को प्रधान, मुल्तान सिंह को उपप्रधान और पांचों वार्डों में आशा देवी, कपिल देव, बिमला देवी, रविदत्त और रेणू देवी को सर्वसम्मति से पंचायत सदस्य चुना है। बीडीसी वार्ड भी पहले ही निर्विरोध चुना जा चुका है, जिसमें कुलदीप को सदस्य बनाया गया है।
खंड विकास अधिकारी ददाहू दर्शन लाल पुंडीर ने चाढ़ना पंचायत के पूरे पैनल के निर्विरोध चुने जाने की पुष्टि की। संवाद