-बारिश और भूस्खलन ने रोकी बसों की रफ्तार, पच्छाद की 12 से अधिक पंचायतें प्रभावित
-कॉलेज, आईटीआई और स्कूल पहुंचने वाले विद्यार्थियों समेत कर्मचारियों को झेलनी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। लगातार हो रही बारिश ने पच्छाद क्षेत्र में बस सेवाओं की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। क्षेत्र की करीब एक दर्जन पंचायतों को जोड़ने वाले तीन प्रमुख सड़क मार्गों पर चिकनी मिट्टी और खराब सड़क की स्थिति के चलते बस सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। इससे ग्रामीणों के साथ सरकारी कार्यालयों में पहुंचने वाले कर्मचारियों, सराहां कॉलेज, आईटीआई और स्कूलों में आने वाले विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीती रात से जारी बारिश के कारण सराहां-मंडी खड़ाना, सराहां-कोट और सराहां-परमाणु सड़क मार्गों की स्थिति खराब हो गई। इन मार्गों पर फिसलन बढ़ने के कारण बसों का संचालन रोक दिया गया है। बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों को सराहां पहुंचने और वहां से वापस अपने गांव लौटने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीणों सोम ठाकुर, रमेश कुमार, पवन कुमार, राकेश शर्मा, रणधीर सिंह, बलवीर सिंह, सुरेश कुमार, नरपत सिंह और वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि उनके गांवों को जोड़ने वाले मार्गों पर सरकारी बसें नियमित रूप से चलती थीं, लेकिन बारिश के बाद सड़क की हालत खराब होने से बसें नहीं आ पा रही हैं। इससे लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए सराहां पहुंचने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने सरकार और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि बारिश के दौरान बार-बार खराब होने वाली सड़कों को पक्का किया जाए, ताकि बरसात में बस सेवाएं प्रभावित न हों।
कार्यवाहक बस अड्डा प्रभारी सराहां जेपी तोमर ने बताया कि पच्छाद क्षेत्र में सराहां से चलने वाले करीब तीन सड़क मार्गों पर बस सेवाएं फिलहाल रोक दी गई हैं। मौसम साफ होने और सड़क की स्थिति सामान्य होने के बाद इन मार्गों पर बस सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।-