शिलाई के पश्मी में चालदा महासू महाराज मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। स्रोत: जागरूक पाठक
रात को ही पहुंच गए थे श्रद्धालु, 10 हजार ने किए दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। नववर्ष पर चालदा महासू महाराज के दर्शन करने के लिए हजारों लोग पश्मी पहुंचे। लोगों ने चालदा महासू महाराज की पूजा-अर्चना की। लोग बुधवार रात से पहले ही पश्मी पहुंच गए थे। नए साल पर वीरवार सुबह श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। उत्तराखंड और हिमाचल क्षेत्र से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने महासू महाराज के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना दिया। पहली बार सिरमौर के पश्मी में चालदा महाराज विराजमान हुए हैं। पश्मी गांव आस्था का केंद्र बन गया है।
महासू समिति पश्मी के सदस्य प्रकाश चौहान ने बताया की बुधवार शाम को लगभग पांच हजार श्रद्धालु पश्मी पहुंच चुके थे, जिन्होंने सुबह चालदा महाराज के दर्शन किए। करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने चालदा महाराज के दर्शन किए। लोगों की भारी तादाद को देखते हुए गांव के लोग पार्किंग, भोजन और रात्रि ठहराव की सेवा में जुटे रहे।