एक ने ही किसान ने की नुकसान की शिकायत
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बिना शिकायत दर्ज कराए बीमा योजना से वंचित रहेंगे किसान
भजन चौधरी
धौलाकुआं (सिरमौर)। इस बार भारी बारिश और आपदा से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। फसलों का बीमा करवाने के बावजूद भी किसान बीमा कंपनी को नुकसान की शिकायत दर्ज नहीं करवा रहे हैं। आलम यह है कि क्षेत्र से मात्र एक किसान ने ही अभी तक अपनी फसल के नुकसान की जानकारी कंपनी को दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस साल पांवटा और शिलाई विकास खंड में 6,734 आवेदन किसानों ने धान, मक्की और अदरक की फसलों को लेकर बीमा योजना में किए हैं। इसमें 228 आवेदन सामान्य किसानों की ओर से कराए गए हैं, जबकि 6,506 आवेदन फार्म केसीसी बैंकों की ओर से जमा करवाए गए हैं ताकि आपदा के दौरान फसलों के नुकसान की भरपाई की जा सके।
हैरानी इस बात की है कि कृषि बीमा कंपनी में मात्र एक किसान की ओर से ही फसल में नुकसान होने की शिकायत दर्ज करवाई है, हालांकि क्षेत्र में इस साल मौसम की बेरुखी के कारण रोग लगने के कारण हजारों बीघा धान की फसल खराब हो चुकी है। यहां के सैकड़ों किसानों ने 120 रुपये प्रति बीघा की दर से पैसा जमा करवाकर आवेदन फार्म जमा करवाए हैं। जबकि धान की फसल खराब होने की शिकायत अभी तक किसी ने नहीं की है ।
जानकारी के अनुसार शिकायत दर्ज करवाने के बाद ही जिन-जिन किसानों का नुकसान हुआ है कृषि विभाग, राजस्व विभाग और बीमा कंपनी को साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में निरीक्षण के बाद आकलन के आधार पर क्लेम निर्धारित किया जाता है। इसमें शत-प्रतिशत फसल खराब होने पर 4800 रुपये प्रति बीघा के हिसाब से क्लेम बीमा कंपनी की ओर दिया जाने का प्रावधान है।
उधर, कृषि विभाग से जुड़ी बीमा कंपनी के प्रभारी राहुल चौहान ने बताया कि अभी तक एक किसान की ओर से ही नुकसान होने की शिकायत दर्ज करवाई गई है। किसान अपने नजदीकी कृषि केंद्र, लोक मित्र केंद्र या 1447 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा 98166-40065 फोन पर भी नुकसान होने की शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बिना शिकायत दर्ज कराए बीमा योजना का लाभ किसानों को नहीं मिल सकता है।