शहर के वार्ड-3 में चोरों ने एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। चोरों को घर में नकदी और ज्वेलरी नहीं मिली तो चोर कैमरा ही ले उड़े। चोरी एक बैंक अधिकारी के घर में हुई है। बैंक अधिकारी को देर शाम घर पहुंचने पर चोरी का पता चला।
इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। जांच अधिकारी एएसआई शांति स्वरूप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कार्रवाई की। बैंक अधिकारी ने पुलिस को देर शाम सूचना दी कि उसके घर में चोरी हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था, लेकिन छानबीन में पाया गया कि घर से सिर्फ एक कैमरा ही चोरी हुआ है। पुलिस ने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमीरपुर जिला में चोरियों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है।
घरों, दुकानों के बाद अब चोर मंदिरों और स्कूलों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगे हैं। बीते चार माह के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो इस अवधि में एक दर्जन चोरी के मामले दर्ज हो चुके हैं, लेकिन पुलिस चोरों तक पहुंचने में अब तक नाकाम साबित हो रही है।
कब कहां हुई चोरी?
14 अप्रैल : धनेटा में चार दुकानों के ताले टूटे। हजारों का सामान व नकदी चोरी।
24 अप्रैल : त्रिमूर्ति मंदिर धनेटा का दानपात्र चोरी। निजी स्कूल के भी टूटे ताले।
11 जून : बिझड़ी के जमली में 90 हजार की ज्वेलरी व कैश चोरी।
12 जून : रंगस में दो दुकानों के ताले टूटे, 17 एलईडी डेढ़ लाख कैश चोरी।
28 जून : धनेटा में फिर से तीन दुकानों के ताले टूटे, लाखों की चोरी।
एक जुलाई : हमीरपुर में ज्वेलर की दुकान से 9 किलोग्राम चांदी, दो लाख कैश चोरी।
15 जुलाई : अग्घार के कोठी गांव से 30 तोले सोने की ज्वेलरी चोरी
31 जुलाई : भलवाणी में पुजारी को बंधक बना मंदिर में चोरी।
4 अगस्त : तीन मंदिरों के दानपात्र चोरी, एक सरकारी स्कूल के ताले तोड़े।
हमीरपुर पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। वार्ड-3 प्रतापनगर में चोरी के मामले में पुलिस जांच कर रही है।
- शिव कुमार, एएसपी, हमीरपुर