पांवटा की सड़कों पर दौड़ रहे ई-रिक्शा पर शिकंजा कसा जा रहा है। एसडीएम पांवटा के निर्देश के बाद अधिकतर ई-रिक्शा बंद करवा दिए थे। लेकिन, अवैध रूप से कुछ ई-रिक्शा सड़कों पर दौड़ रहे हैं। सोमवार को एआरटीओ सिरमौर की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध रूप से सड़कों पर दौड़ रहे तीन ई-रिक्शा जब्त किए गए हैं।
बता दें कि पांवटा में करीब 66 से अधिक ई-रिक्शा सड़कों पर दौड़ रहे थे। निदेशक ट्रांसपोर्ट हिमाचल प्रदेश से कोर्ट के निर्देश की प्रति समेत एक पत्र एसडीएम कार्यालय पांवटा में पहुंचा। जिसमें अवैध रूप से चलाए जा रहे ई-रिक्शा को बंद करने को कहा गया। इसके बाद एसडीएम पांवटा ने पुलिस थाना प्रभारी को निर्देश जारी किए। दो सप्ताह पहले अधिकतर ई-रिक्शा बंद करवा दिए गए।
उधर, एआरटीओ सोना चौहान ने पुष्टि कर कहा कि पांवटा की सड़कों पर अवैध रूप से दौड़ते तीन ई-रिक्शा इंपाउड किए गए हैं। इनके संचालकों के पास व्यावसायिक रूप से सवारियां ढोने का कोई परमिट या पंजीकरण नहीं था।
थाना प्रभारी पांवटा लायक राम सिसौदिया ने बताया कि ई-रिक्शा संचालकों को बताया जा रहा कि यदि कोर्ट से कोई पक्ष में आदेश निकले हैं तो 4-5 दिनों के भीतर जमा करवा दें।
औचक निरीक्षण कर 50 हजार जुर्माना वसूला
एआरटीओ सिरमौर सोना चौहान ने कहा कि सोमवार को पांवटा क्षेत्र में वाहनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान करीब 35-40 वाहनों की दस्तावेज जांचे गए। ओवरलोडिंग व दस्तावेज नहीं मिलने पर वाहन संचालकों से करीब 50 हजार जुर्माना राशि वसूली गई है।