राजगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत टेला के समीप शामती मंदिर के एक महंत से पुलिस ने 45 हजार रुपये की राशि जब्त की है। आरोप है कि यह नकली नोट हैं। हालांकि, नोट असली है या नकली इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस महंत को थाने लेकर आई है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार टेला के समीप स्थित शामती मंदिर के महंत राम प्रसाद दास कुंभ के लिए उज्जैन गए थे। इस दौरान एक अन्य महंत भृगु पुरी यहां रह रहा था। जब महंत रामप्रसाद दास वापस आए तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। भृगु पुरी ने थाना में मारपीट करने की शिकायत कर दी। जब पुलिस मंदिर में पहुंची तो भृगु पुरी के पास 45 हजार रुपये मिले। जब पैसों के बारे में पूछताछ की तो भृगु पुरी ने बताया कि उसके पास से जो पैसे मिले हैं वह महंत राम प्रसाद दास ने उसे दिए हैं। यह नोट नकली बताए जा रहे हैं। दूसरी तरफ स्थानीय लोग महंत राम प्रसाद दास के पक्ष में आ गए हैं।
उधर, थाना प्रभारी मोहर सिंह ने बताया कि नोट असली है या नकली जांच के बाद ही खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस भृगु पुरी महंत को पूछताछ के लिए थाने लाई है।