पांवटा साहिब(सिरमौर)। मिश्रवाला में सैकड़ों ग्रामीणों ने मदरसा के प्रधानाचार्य के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा जमकर नारेबाजी की गई। शांतिपूर्वक विरोध रैली मरकजा मस्जिद परिसर से गांव होकर मदरसे के समीप तक पहुंची। इस दौरान डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर समेत पुलिस जवान तैनात रहे जिससे शांति व्यवस्था रखी जा सके।
विरोध प्रदर्शन में मिश्रवाला पंचायत प्रधान शुकरदीन, उपप्रधान मंजूर अली, बीडीसी सदस्य फरीज खान, मरकज मस्जिद कमेटी मिश्रवाला उपप्रधान मासूम अली, महासचिव डॉ. कामिल, सचिव खालिद, सराफत व मस्जिद खान साबर दीन कादिर अली, इमरान खान, खान मोहम्मद व
अख्तर अली समेत सैकड़ों ग्रामीण विरोध में सड़कों पर उतरे।
ग्रामीणों ने बताया कि मदरसा मिश्रवाला कादरिया के विवादित प्रधानाचार्य के खिलाफ शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन किया गया है। इस बारे में शनिवार को एसडीएम पांवटा लिखित पत्र सौंप दिया था। इस बात को लेकर ग्रामीणों में रोष है कि रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज हिमाचल प्रदेश शिमला के 22 सितंबर 2016 को स्टे आर्डर पारित किया था। इसके बावजूद गैर कानूनी तरीके से प्रधानाचार्य मदरसे की कार्यप्रणाली में दखलअंदाजी कर रहे हैं। इससे इस क्षेत्रवासियों में रोष पनप रहा है। विरोध में मरकजा मस्जिद कमेटी मिश्रवाला समेत ग्रामीणों ने शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों विरोध प्रदर्शनकारी रविवार को मरकजा मस्जिद से लेकर मदरसा कादरिया तक प्रदर्शन किया। वहीं, मदरसा के प्रधानाचार्य का कहना है कि कुछ लोग बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों के सभी आरोप बेबुनियाद हैं।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने कहा कि मिश्रवाला में पुलिस जवान तैनात रहे जिससे किसी तरह की शांति व्यवस्था न बिगड़े। मदरसा परिसर व गांव में पुलिस फोर्स की चौकस नजर रही।