ददाहू(सिरमौर)। वर्ष 2011 में गाड़ी से टक्कर मारकर एक महिला को मौत के घाट उतारने के आरोप में फरार चल रहे चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। आरोपी पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था। सिरमौर पुलिस को लंबे अर्से से उसकी तलाश थी। शनिवार की सुबह आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे दो सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रेणुका थाने के एसएचओ देवानंद गुलेरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 25 दिसंबर 2011 को आरोपी संजीव कुमार निवासी रजाना ने ददाहू की एक महिला अत्रो देवी को पिकअप से टक्कर मारकर घायल कर दिया था। महिला को अंदरूनी चोटें लगी होने के कारण कुछ देर बाद उस महिला की मौत हो गई थी। मामले में आरोपी पिकअप चालक संजीव कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद से ही आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ।
वर्ष 2014 में आरोपी संजीव कुमार को अदालत ने उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस को अपराधी के घर आने की भनक लगी जिसके बाद रेणुका थाने के मुख्य आरक्षी जगदीश ठाकुर व आरक्षी कर्मजीत ने जाल बिछा कर आरोपी को घर से दबोचने में सफलता हासिल की। आरोपी पूरे दो वर्षों तक पुलिस को चकमा देकर नालागढ़ व बद्दी आदि क्षेत्रों में गाड़ी में ड्राइवरी करता रहा। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे दो सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।