नाहन/ पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के आह्वान पर चल रही डॉक्टरों की पेन डाउन हड़ताल ने मरीजों का मर्ज बढ़ा दिया है। सुबह दो घंटे तक की हड़ताल की वजह से मरीजों को उपचार नहीं मिल पा रहा। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर ओपीडी में और कोई भी सेवा सुबह दो घंटे तक नहीं मिल पाई। उधर, सोमवार से चिकित्सकों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है।
सोमवार को डॉक्टरों की दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल रही जिससे पांवटा सिविल अस्पताल ओपीडी परिसर में मरीज परेशान दिखे। ददाहू में भी सेवाएं प्रभावित रहीं जबकि नाहन मेडिकल कॉलेज में मरीजों को भारी दिक्कतें हुईं।
सोमवार को मरीजों की भीड़ अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहती है। ओपीडी के बाहर सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। गायनी, मेडिकल स्पेशलिस्ट और अन्य ओपीडी के बाहर मरीज चिकित्सकों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन चिकित्सक नहीं आने की वजह से लोगों को दिक्कतों का इंतजार करना पड़ा। सुबह जल्द पहुंचे मरीज शाम तक अपनी बारी का इंतजार करते हुए देखे गए।
जिला सिरमौर मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विनय गुप्ता, महासचिव डॉ. एवी राघव ने कहा कि राज्य इकाई के आह्वान पर मांगों को लेकर संघर्ष किया गया था। सोमवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ इस संदर्भ में वार्ता हुई है। सरकार ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। लिहाजा, हड़ताल वापस ले ली गई है।
-------------------------