आरोपियों के साथ खड़े कोतवाल हीरालाल चौरसिया।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र मेें एक माह पहले लूटे गए डंपर का सीओ सिटी ने सोमवार को खुलासा किया है। लूट की साजिश दूसरे डंपर चालक ने रची थी। चालक को बंधक बनाकर डंपर लूट ले गए थे। पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने जुर्म कबूल लिया है और डंपर तीसरे आरोपी के पास होने की बात कबूली है।
सीओ सिटी अजीत सिंह ने बताया कि लखनऊ के हजरतगंज निवासी सवप्रीत सिंह पुत्र गुरमीत सिंह ने जिले के कोतवाली देहात में तहरीर दी थी जिसमें बताया था उसका डंपर चालक अटवा निवासी नसीम पुत्र खुदा हुसैन चलाता था।
26 दिसबंर की शाम नसीम डंपर लेकर कहीं चला गया है। सीओ सिटी ने बताया पुलिस ने विवेचना की उसने डंपर लूट का मामला प्रकाश में आया। चालक नसीम डंपर लेकर नहीं गया था। चौपहिया वाहन पर आए पांच लोगों ने नसीम को बंधक बनाकर डंपर लूट ले गए थे। डंपर लुटवाने की साजिश पीछे से आए दूसरे डंपर संडीला के संत कृ पाल आश्रम निवासी चालक मदन मोहन पुत्र रामप्रकाश ने रची थी। उसने सुल्तानपुर के लम्भुआ थाने के नेवादानपुर निवासी बहनोई राजेश गुप्ता पुत्र सीताराम व उसके साथी जौनपुर के थाना सिकरारा के भगीरथपुर निवासी आशुतोष व तीन अज्ञात लोगों के साथ मिलकर रची थी। सीओ सिटी ने बताया मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह मदनमोहन और उसके बहनोई राजेश को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने जुर्म कबूल किया है। आरोपी आशुतोष के पास डंपर होने की बात कही है।