नाहन (सिरमौर)। सड़क पर पड़े गड्डे में जोरदार जंप लगने से ट्रैक्टर में बैठा एक व्यक्ति अचानक नीचे गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। मामला नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मालोवाला का है। पुलिस ने व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 46 वर्षीय पुरुषोत्तम निवासी मालोवाला शुक्रवार शाम करीब साढे़ 7 बजे ट्रैक्टर में बैठकर अपने घर जा रहा था। मालोवाला गांव के समीप ही अचानक खस्ताहाल सड़क पर जोरदार जंप लगा जिससे वह अपना संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर से सड़क पर गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टरों से गिरने के बाद वह बुरी तरह से जख्मी हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। मामले के जांच अधिकारी सुरजीत सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
------