पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के मुख्य बाजार स्थित एक वकील के रिहायशी मकान में अचानक आग भड़की। दोपहर को घर पर दो बुजुर्ग ही थे। लोगों ने मकान की दूसरे मंजिल से आग की लपटें भड़कती देखीं। इसके बाद एकत्र होकर घर से दोनों बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के साथ मिल कर आग पर काबू पा लिया गया। शार्ट सर्किट आगजनी का कारण माना जा रहा है। आग से रिहायशी मकान व सामान जलने से काफी क्षति हुई है। वकील के परिजनों के साथ पुलिस विभाग की टीम आग से हुई क्षति के आंकलन में जुटी है।
शुक्रवार, दोपहर करीब एक बजे नगर परिषद के खेल मैदान के सामने आगजनी की घटना हुई। वरिष्ठ एडवोकेट सुशील गुप्ता, जावेद व प्रवीण कुमार ने बताया कि एडवोकेट चरणजीव सिंह कालरा पुत्र एमएस कालरा के रिहायशी मकान के प्रथम तल से धुआं निकलते देखा गया। इसके बाद आसपास के लोग घर की तरफ दौड़े। घर में दोपहर के समय एमएस कालरा(75) व दलजीत कौर(72) थे। दोनों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद आग पर काबू पाने में जुट गए। अग्निशमन केंद्र पातलियों पांवटा को सूचित कर दिया। मौके पर पहुंचे सुशील गुप्ता, प्रदीप कुमार, लक्की, जावेद, अर्जुन सिंह, प्रवीण कुमार, रिपूदमन कालरा, अजय गुप्ता व धर्मेंद्र समेत दर्जनों स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड टीम के साथ आग पर काबू पाया। इस बीच घर में रखे सामान व दस्तावेजों को काफी क्षति पहुंची है।
फायर ऑफिसर चरणजीत सिंह ने कहा कि सवा एक बजे सूचना मिली। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाकर आसपास फैलने से रोका गया।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि दोपहर को आगजनी हुई। क्षति की रिपोर्ट तैयार की जा रही है जिससे क्षति का पता चल सकेगा। टीम ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।