कालाअंब (सिरमौर)। ड्रग विभाग ने शुक्रवार को कालाअंब में छापामारी कर एक क्लीनिक में दवाइयों की खेप को बरामद कर सील किया। विभाग के ड्रग इंस्पेक्टर ने पुलिस दल के साथ यह कार्रवाई अमल में लाई। बीते वीरवार को हुई शिकायत के बाद ड्रग विभाग ने शुक्रवार को कालाअंब में बस स्टैंड के सामने चल रहे एक शिवालिक क्लीनिक में रेड डाली।
विभाग को सूचना मिली थी कि वीरवार को इस क्लीनिक में उपचार के लिए लाए गए एक बच्चे को गलत इंजेक्शन की वजह से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा। इससे पहले भी विभाग को क्लीनिक संचालक के खिलाफ काफी शिकायतें मिल रही थीं, मगर विभाग की कार्रवाई की भनक लगने के बाद संचालक अपने क्लीनिक को बंद कर देता था। शुक्रवार को मौके पर ही ड्रग इंस्पेक्टर ने क्लीनिक में रखी कफसिरप, ग्लूकोज व एंटी हाइपोटेंसी की कुछ दवाओं को पकड़कर सील कर दिया। इन दवाओं को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। संचालक के पास क्लीनिक चलाने का कोई लाइसेंस नहीं था और काफी लंबे समय से यह क्लीनिक चला रहा था।
उधर, ड्रग इंस्पेक्टर रजत ने बताया कि अवैध ढंग से चलाए जा रहे क्लीनिक से दवाओं को सील किया गया है। उन्होंने बताया कि रेड के दौरान क्लीनिक संचालक कोई लाइसेंस नहीं दिखा पाया। क्लीनिक संचालक हरियाणा निवासी रणधीर काफी लंबे समय से कालाअंब में क्लीनिक चला रहा था। ड्रग इंस्पेक्टर ने कहाकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।