आबकारी एवं कराधान विभाग सिरमौर की टीम ने शुक्रवार सुबह चार बजे कालाअंब क्षेत्र में दबिश देकर टैक्स चोरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। हरियाण से कालाअंब के चोर रास्तों से प्रदेश में प्रवेश करते हुए एक स्क्रैब की गाड़ी पकड़ी। इसमें छह लाख, 73 हजार 200 रुपये का स्क्रैब लोड था। यह गाड़ी बिना टैक्स चुकाए ही त्रिलोकपुर स्थित एक उद्योग में जा रही थी। दूसरी गाड़ी में तैयार माल कालाअंब से बाहर भेजा जा रहा था। आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने टैक्स चोरी के रूप में पकड़ी गई दोनों मामलों में 1 लाख 68 हजार 200 रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूला। ईटीओ नाहन अजय राठौर, ईटीओ कालाअंब प्रेम कायस्थ व ईटीआई कुलदीप भारद्वाज की टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई की।
विदित रहे कि औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में कई चोर रास्ते हैं। इनसे अक्सर कई उद्योगों की गाड़ियां बिना टैक्स चुकाए ही आती-जाती हैं। पिछले कुछ दिनों में आबकारी एवं कराधान विभाग जिला सिरमौर की टीम ने कई मामले पकड़े हैं। इसमें लाखों रुपये का जुर्माना इन टैक्स चोरों से वसूल किया है। मामले की पुष्टि करते हुए सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग सिरमौर विनोद कुमार कश्यप ने बताया कि टैक्स चोरी कर जा रही दोनों गाड़ियों से 1.68 लाख का जुर्माना मौके पर ही वसूल कर लिया गया है।