पांवटा नगर परिषद अध्यक्षा कृष्णा धीमान, उपाध्यक्ष नवीन शर्मा, पार्षद भावना चानना, पवन कुमार, धनवीर सिंह, सीमा देवी, अनीता देवी ने एसडीएम पांवटा को ज्ञापन सौंपा। इसमें सिविल अस्पताल पांवटा में तैनात रेडियोलोजिस्ट के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। 72 घंटों के भीतर स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों ने मामले में की गई कार्रवाई से अवगत नहीं करवाया, तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। शिकायत पत्र में उन्होंने कहा कि 30 जनवरी, 2016 को पांवटा के भांटावाली निवासी नीरज पुत्र रामपाल ने अपनी गर्भवती पत्नी का अस्पताल में चेकअप करवाया। इस दौरान महिला को अल्ट्रासाउंड करवाने को कहा गया। सरकार की योजना के अनुसार गर्भवती महिलाओं से अल्ट्रासाउंड के पैसे नहीं लिए जाते हैं। लेकिन, महिला के पति की शिकायत है कि राशि वसूली गई। अस्पताल में कार्यरत रेडियोलोजिस्ट की शिकायत स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को भेजी गई। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मामले के बारे लिखित शिकायत सौंपी गई है। नप पदाधिकारियों व पार्षदों ने 72 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं करने पर धरना प्रदर्शन को चेताया है। उधर, एसडीएम पांवटा एसएच राणा ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। एसडीएम ने बताया कि नप के प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत पत्र सौंपा है।