पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा के वाई प्वाइंट के समीप बाइक सवारों ने 40 हजार नकदी उड़ा ली। इसके बाद एक मौके से फरार हो गया। जबकि, एक को स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 4 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मौके से फरार दूसरे झपटमार के आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस थाना पांवटा साहिब के भूपपुर तारुवाला निवासी सुंदर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है, जिसमें कहा कि वीरवार को पंजाब नैशनल बैंक, मैन बाजार पांवटा साहिब से हाउस लोन लिया था। राशि लेकर बैंक से बाहर पहुंचा। घर जाने के लिए रिक्शा में सवार हुआ। जब बद्रीपुर की तरफ जा रहा था तो अचानक 2 बाइक सवार समीप से गुजरे। बाइक सवारों ने हाथ से 40 हजार नकदी से भरा बेग छीन लिया।
आरोपियों की बाइक का नंबर पहचान लिया गया। इस दौरान एक आरोपी कुछ दूरी पीछे रह गया। एक बाइक सवार से लिफ्ट ली। आरोपी ने बाइक सवार व्यक्ति से यह कहते हुए शीघ्र लिफ्ट ले ली कि एक स्नेचर मेरे चाचा की नकदी उड़ा कर ले गया है। इस बीच पांवटा के एक व्यक्ति ने स्थानीय बाइक चालक को मोबाइल पर कॉल कर दी जिसमें कहा कि आपसे लिफ्ट लेकर जा रहा युवक भी नकदी लूट मामले का आरोपी है।
समझदारी दिखाते हुए बाइक सवार ने यूपी मुरादाबाद के बदांयू निवासी आरोपी विपन कुमार को पुलिस टीम के हवाले कर दिया। जबकि नकदी समेत दूसरा आरोपी बद्रीपुर की तरफ फरार होने में कामयाब हो गया।
उधर, थाना प्रभारी पांवटा लायक राम सिसौदिया ने पुष्टि की है। थाना प्रभारी ने कहा कि एक आरोपी विपन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। आईपीसी की धारा-382 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत से 4 दिनों का पुलिस रिमांड मिला है। नकदी समेत फरार दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
.................