पांवटा के एक होटल में कुछ दिन पहले अपने परिवार के साथ ठहरे सेना के एक जवान की जहर खाने से मौत हो गई है। गौर रहे कि सैनिक ने होटल में जहर खा लिया था। गंभीर हालत में सैनिक को पंचकूला के आर्मी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। लेकिन, वीरवार को सैनिक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सैनिक के परिजनों ने इस मामले की जांच करने की मांग की है।
सैनिक के पिता और अन्य परिजन शुक्रवार को थाना प्रभारी पांवटा से मिले। थाना प्रभारी ने परिजनों को उचित जांच का आश्वासन दिया है। मामले में सैनिक की मोबाइल डिटेल भी खंगाली जाएगी।
जिला शिमला के चौपाल की तहसील कुपवी के गांव चूरियां चढ़ोली का निवासी सैनिक रविंद्र कुमार (24) पठानकोट में कार्यरत था। गत 16 मार्च को रविंद्र कुमार (24) अपनी पत्नी समेत पांवटा के एक होटल में ठहरे थे। 19 मार्च की सुबह रविंद्र की पत्नी ने पति की तबीयत बिगड़ते देख होटल कर्मियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद 108 एंबुलेंस में जवान को पांवटा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद नाहन रेफर कर दिया। मामले की जांच कर रहे आईओ नौखराम ने सैनिक के पत्नी के बयान दर्ज कर लिए थे। जबकि, सैनिक बयान देने की हालत में नहीं था। सैनिक की हालत गंभीर बनी हुई थी।
इसके बाद परिजन पंचकूला आर्मी अस्पताल में जवान को उपचार के लिए ले गए। उपचार के दौरान वीरवार को सैनिक ने दम तोड़ दिया। कुपवी निवासी सैनिक के पिता श्याम सिंह समेत परिजन शुक्रवार को एसएचओ पांवटा से मिले।
उधर, एसएचओ पांवटा अशोक चौहान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सैनिक की मोबाइल डिटेल खंगाली जाएगी। पुलिस मामले के हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।