कालाअंब (सिरमौर)।
औद्योगिक नगरी कालाअंब के साथ त्रिलोकपुर सड़क पर चल रहे एक ढाबे में दबिश देकर पुलिस ने देसी शराब की 16 बोतलें बरामद की हैं। इस मामले में कालाअंब पुलिस ने शराब कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई गई। पुख्ता सूचना के बाद कालाअंब पुलिस ने त्रिलोकपुर रोड पर एक ढाबे पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने ढाबे से हरियाणा में बेची जाने वाली देसी शराब की 16 बोतलें बरामद कीं।
विज्ञापन
इस पर पुलिस ने ढाबा संचालक प्रकाश निवासी बिहार के खिलाफ अवैध रूप से बिना किसी लाइसेंस के शराब बेचने पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी पर अवैध शराब की बिक्री करने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने पुख्ता सूत्रों से जानकारी जुटाकर कार्रवाई की।
उधर, कालाअंब थाना प्रभारी संजय कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने ढाबा संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई जारी है।