राजगढ़ (सिरमौर)।
ग्राम पंचायत ठौड़ निवाड़ के एक व्यक्ति की ढांक से गिरने के कारण मौत हो गई है। हादसा मंगलवार रात को हुआ था, जबकि ग्रामीणों ने उसे मृत अवस्था में बुधवार दोपहर को देखा। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को ग्रामीणों ने ढांगर कैंची के समीप ढांक से गिरा हुआ पाया गया जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। डीएसपी मीनाक्षी शर्मा स्वयं पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंच गई। डीएसपी मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान वीरेंद्र उर्फ रिंकू (31) पुत्र हरिदास निवासी ठौड़ निवाड़ हुई है। वह मंगलवार रात्रि अपने घर जा रहा था।
ढांगर कैंची के समीप ढांक से गिर गया। बताया जा रहा है कि उसने शराब पी हुई थी और रात्रि को अपने घर वापस जा रहा था। उसके शव को बुधवार को घास लेने गई एक महिला ने देखा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि हालांकि परिजनों ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है फिर भी पुलिस तमाम पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए कार्रवाई कर रही है।
--------------