अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा थाना पुुलिस टीम ने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। इनमें से 4 ट्रक संचालकों से 1 लाख जुर्माना वसूला गया। एक ट्रक का चालान कर कोर्ट में भेज दिया है। दो दिनों के भीतर पांवटा पुलिस ने 9 ट्रक नाके में पकड़े हैं। इनसे दो लाख जुर्माना वसूला जा चुका है।
शनिवार रात व सोमवार सुबह पांवटा पुलिस ने नाके में 5 ट्रक रेत बजरी से भरे पकड़े। इनके कोई दस्तावेज ट्रक चालक नहीं दिखा सके। इसके बाद सभी ट्रक संचालकों को 25-25 हजार जुर्माना किया गया। एक ट्रक संचालक ने जुर्माना राशि जमा नहीं करवाई। इसके बाद चालान कोर्ट में भेज दिया गया है।
बता दें कि शनिवार को एनएच-7 पर बद्रीपुर के समीप नाका लगाया था। नाके में अवैध खनन सामग्री से लद्दे ट्रक पहुंचे। रेत बजरी के दस्तावेज नहीं मिले जिसके बाद ट्रक संचालकों से कुल 1 लाख जुर्माना वसूला था।
उधर, थाना प्रभारी पांवटा देवानंद गुलेरिया ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। रविवार को भी नाके में अवैध खनन से लद्दे 5 ट्रक पकड़े गए हैं। इसमें से 4 ट्रक संचालकों से एक लाख जुर्माना जमा करवा दिया है। एक का चालान कोर्ट में भेज दिया गया है।
--अवैध खनन करते पकड़े 9 ट्रक, दो लाख जुर्माना वसूला
--1 ट्रक का चालान कोर्ट में भेजा, अवैध खनन पर पुलिस कार्रवाई जारी