एसडीएम के आदेश पर वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले चार के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। प्रशासन ने लगाई लाल झंडियों को अवैध कब्जेदारों ने उखाड़ कर दुबारा कब्जा करने की कोशिश की थी। कलीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम राजपुर ता महाराजपुर में 30 जून को एसडीएम सूरज यादव की अगुवाई में एंटी भू-माफिया अभियान के तहत तहसीलदार सदानंद सरोज ने टीम के साथ वन विभाग की नॉन जेड ए की 204 एकड़ भूमि से कब्जा हटवाया था। इस जमीन पर 78 कब्जेदारों का 1970 से कब्जा चला आ रहा था। जमीन कब्जा मुक्त कराने के बाद तहसील प्रशासन की ओर से यहां पर लाल झंडी लगा दी थीं। उधर, हटाए गए कब्जेदार दोबारा काबिज होने की कोशिश में जुट गए। एकजुट होकर कब्जेदारों ने जमीन पर लगाई गई लाल झंडियों को उखाड़कर फेंक दिया। इसकी जानकारी मिलने पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर आरिफ जमाल मौके पर पहुंचे। यहां चेक करने पर एक भी लाल झंडी दिखाई नहीं दी। तत्काल इसकी शिकायत तहसील जाकर एसडीएम से की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सूरज यादव ने कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद हल्का लेखपाल गजेंद्र सिंह ने जांच के बाद रिपोर्ट तैयार कर तहरीर पुलिस को दी। एसएचओ मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि लेखपाल से मिली तहरीर पर राजपुर ता महाराजपुर निवासी रामनरेश, मुकेश कुमार, रामआसरे और सुखदेव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।