अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)। ग्राम पंचायत हलाहां में इन दिनों एक तेंदुए ने आतंक मचाया हुआ है। एक सप्ताह के दौरान यह तेंदुआ एक दर्जन से ज्यादा मवेशियों को अपना निवाला बना चुका है जिसके चलते क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हलाहां निवासी बस्तीराम की पांच बकरियों को तेंदुए ने बीती रात मार डाला है।
पीड़ित बस्तीराम का कहना है कि वह गांव से थोड़ी दूरी पर बनी पशुशाला में अपनी बकरियों का ठीक ढंग से बंद करके घर गया था। जबकि वह सुबह पशुशाला लौटा तो दरवाजा टूटा हुआ था। बकरियां गायब थीं। तलाशने पर उसे मृत बकरियों के कुछ अवशेष मिले। बस्तीराम ने बताया कि उसे 60 हजार से अधिक का नुकसान हुआ है। बस्तीराम ने वन विभाग से मांग की कि उसे उसका मुआवजा प्रदान किया जाए।
उधर वन परिक्षेत्र अधिकारी शिलाई विद्यासागर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही कागजी कार्यवाही पूरी कर पीड़ित को मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
--हलाहां में तेंदुए ने पांच बकरियों को बनाया अपना शिकार
--लोगों में दहशत, एक सप्ताह में मार कर खाए दर्जनभर मवेशी