कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक नगरी कालाअंब के निचले मोगीनंद इलाके में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला घायल हो गई। हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक निचला मोगीनंद निवासी अंगूरी बस की इंतजार में सड़क के किनारे बनी पैरापिट पर बैठी थी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त एक बस मोगीनंद बस स्टॉप पर खड़ी थी। इसी दौरान दो अलग-अलग दिशाओं से आ रहे टैंपो व ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर लगने के बाद ट्रक पैरापिट से टकरा गया, जिसकी चपेट में आने से अंगूरी देवी घायल हो गई। सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस की मदद से महिला को कालाअंब के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि महिला की दाहिनी टांग फ्रेक्चर हुई है। इसके बाद घायल महिला को उसके परिजन नाहन अस्पताल ले गए। कालाअंब पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है। मामले की पुष्टि डीएसपी बबीता राणा ने की है। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच जारी है।