देवशीला के समीप फेंक दिए प्लास्टिक के लिफाफे
डिपुओं की दालों के लिफाफों को किसने फेंका, सवालिया निशान
पॉलिथीन मुक्त अभियान की भी उड़ रहीं धज्जियां
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
‘पॉलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ..’ अभियान रैलियों और सफाई अभियानों तक ही सिमट कर रह गया है। असलियत तो यह है कि सरकारी डिपुओं में पहुंचने वाली दालों की पैकिंग भी प्लास्टिक के लिफाफों में आ रही है। रेणुका जी क्षेत्र के देवशीला के समीप सोमवार को डिपुओं की दालों की पैकिंग वाले लिफाफे मिले हैं।
दालों को खाली करने के बाद फेंके गए यह लिफाफे जहां पर्यावरण बचाओ अभियान की धज्जियां उड़ा रहे हैं वहीं सरकारी व्यवस्था की भी पोल खोल रहे हैं। आखिर एक साथ एक ही जगह पर इतनी अधिक मात्रा में यह लिफाफे कहां से आए ? इसको लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। लिहाजा, मामले की पूरी तरह से जांच होनी चाहिए।
सोमवार को आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर रेणुका विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। बडौन में उठाऊ पेयजल योजना के शिलान्यास स्थल से करीब सौ मीटर की दूरी पर ही सरकारी दालों के पैकिंग वाले लिफाफे देखे गए। हालांकि, जिस खंड में इन दालों के खाली पैकेटों को फेंका गया है, वहां से निरंतर पानी बहकर देव खाली की ओर जा रहा है। दालों के यह पैकेट कहां से आए इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है लेकिन एक साथ सरकारी दालों के इतने अधिक खाली पैकेट मिलना हैरानी की बात है। जबकि पूरे प्रदेश में इन दिनों पॉलिथीन हटाओ अभियान चला हुआ है। उधर, वन्य प्राणी विभाग के आरओ अश्विनी कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही वहां सफाई करवाई गई थी लेकिन चोरी छिपे किसी ने दालों के खाली लिफाफों को वहां फेंक दिया है। इस बारे में पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। अब पुन: वहां सफाई की जाएगी।
-----------