सराहां (सिरमौर)। पच्छाद पुलिस ने एक व्यक्ति को शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई अमल में लाई। छापे के दौरान पुलिस ने पच्छाद उपमंडल की बागथन पंचायत के दूरदराज गांव डगालगा से 90 लीटर लाहन समेत दो पेटी अंग्रेजी और दो पेटी देसी शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपी कुंदन को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उसे रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अशोक कुमार नेगी ने बताया कि पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है। बता दें कि सिरमौर पुलिस का नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी है। इससे पहले भी पुलिस ने पांवटा में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई थी।
खारा के जंगल अवैध शराब की भट्टियों समेत लाहण को भी नष्ट कर दिया था। वहीं बागथन में ही एक ट्रक से शराब की 259 पेटियां भी बरामद की थी। पुलिस कई जगह दबिश देकर कार्रवाई करने में जुटी है। दर्जनों मामलों में पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। गुपचुप ढंग से नशे के कारोबार में जुटे माफियाओं पर पुलिस की पैनी नजर है।