पांवटा साहिब (सिरमौर)।
सीसीआई सीमेंट फैक्टरी राजबन में सीमेंट ढुलाई को लेकर चल रहा गतिरोध बढ़ गया है। सीमेंट ढुलाई का टेंडर मल्टीएक्सल ऑपरेटर सोसायटी को मिलने से ट्रक ऑपरेटर नाराज हैं। इसके चलते दो दिनों से सीमेंट ढुलाई बंद है। वीरवार को दो ट्राले इकाई में प्रवेश करने से ट्रक ऑपरेटर यूनियन के लोग भड़क गए। राजबन में फैक्टरी के बाहर ऑपरेटरों की भारी भीड़ जुटी। कंपनी क्षेत्र में तोड़फोड़ की गई। प्रशासनिक भवन के शीशे तोड़े गए और सीसीटीवी कैमरे की वायरिंग उखाड़ी गई।
यहां तक कि एक सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट भी हुई।
गौरतलब है कि 32 वर्षों से ट्रक आपरेटर सोसायटी के पास सीसीआई राजबन का सीमेंट ढ़ुलाई काम है। केंद्र सरकार के उपक्रम सीसीआई राजबन ने इस वर्ष टेंडर आमंत्रित किए। पांवटा मल्टीएक्सेल ट्रांसपोर्ट सोसायटी को टेंडर मिला। मंगलवार को 5 ट्राले भरे। लेकिन ट्रक सोसायटी ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पहले कंपनी प्रबंधन 1.84 करोड़ बकाया राशि का भुगतान करे।
मंगलवार से माल ढुलाई कार्य बंद है। जिले में एक मंत्री के कार्यक्रम के चलते बुधवार की बैठक स्थगित हो गई। इसके बाद 20 अप्रैल को प्रशासन ने समझौता बैठक तय हुई थी। इस बीच वीरवार को इकाई में 2 ट्राले प्रवेश कर गए। सूचना मिलने पर सैकड़ों ट्रक आपरेटर राजबन पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि कुछ ट्रांसपोर्टरों ने सुरक्षा कर्मी के साथ हाथापाई भी की। इकाई के प्रशासनिक भवन कार्यालय के बाहर शीशे तोड़े और प्रवेश गेट खोल कर भीतर सीसीटीवी की तार उखाड़ दी। करीब एक घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा। एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान और एसएचओ अशोक चौहान मौके पर पहुंचे। अब विवाद को सुलझाने के लिए समझौता वार्ता शुरू की गई है। एसडीएम पांवटा लायक राम वर्मा और डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि विवाद को सुलझाने के लिए प्रयास जारी है। शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस बल तैनात है।
प्रशासन विवाद सुलझाने को गंभीर नहीं: प्रदीप सिंह
मल्टी एक्सेल ट्रांसपोर्ट सोसायटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि प्रशासन विवाद सुलझाने को गंभीर नही। टेंडर मिलने के बावजूद वाहन नहीं भरने दिए जा रहे। उल्टे धमकाया जा रहा है। वीरवार तो इकाई में घुसकर तोड़फोड़ की गई।
तोड़फोड़ और हाथापाई के आरोप बेबुनियाद: बलजीत
ट्रक आपरेटर यूनियन पांवटा प्रधान बलजीत सिंह नागरा ने कहा कि ढुलाई विवाद बैठक 20 को रखी थी। इस बीच दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने को कहा गया था। वीरवार को मल्टी एक्सेल सोसायटी ने दो ट्राले लोडिंग को भीतर भेज दिए। इससे ट्रांसपोर्टरों ने नाराज होकर विरोध किया। किसी के साथ मारपीट और तोड़फोड़ नहीं की गई है।