सुजानपुर(हमीरपुर)। थाना क्षेत्र सुजानपुर के तहत री गांव में एक पूर्व सैनिक ने पंखे से लटक आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रेम चंद (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रेम चंद ने पालमपुर में ही एक नया मकान बनाया है। जहां पर पत्नी और दो बच्चे रहते हैं। वह गत दिवस अपने पैतृक गांव री आया था, जहां पर उसकी बुजुर्ग माता रहती हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हमीरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाल कर दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
बुधवार को प्रेम चंद घर री गांव स्थित अपने पुराने घर की ऊपरी मंजिल पर सोया था। उसकी माता निचली मंजिल में थीं। बुधवार को उसकी माता कोई सामान लेने के लिए ऊपरी मंजिल पर गई तो पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर आए तो उन्होंने देखा की प्रेमचंद का शव रस्सी से लटका हुआ था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने बताया कि प्रेम चंद की माता व उसके परिजनों के अनुसार वह कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। उधर, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।