राजगढ़ (सिरमौर)। एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट को लेकर स्थानीय लोगों व पुलिस के बीच उपजा विवाद एसडीएम राजगढ़ के हस्तक्षेप के बाद आखिर सुलझ गया। नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात के एक व्यक्ति ने थाना प्रभारी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उसके साथ शुक्रवार को रात करीब साढे़ आठ-नौ बजे कोटली में एक होटल में अकारण मारपीट की थी।
इसके चलते स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी के विरुद्घ विरोध प्रदर्शन किया। करीब पांच दर्जन लोग रैली निकालकर पुलिस के खिलाफ नारे लगाते हुए थाने तक पहुंचे। इसी दौरान एसडीएम राजगढ़ एसडी नेगी भी वहां पहुंचे और उन्होंने दोनों पक्ष के मध्य आपसी समझौता करवा लिया। पुलिस प्रशासन ने भविष्य में ऐसा न करने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने दोनों पक्षों से अपील की कि वह कानून को अपने हाथों में न ले और कानून का सम्मान करें।
----------