नौहराधार (सिरमौर)। सोलन-मीनस मार्ग पर चाडना के समीप एक कार खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार कार देर शाम करीब साढ़े 6 बजे चाडना से नौहराधार की तरफ आ रही थी। चाडना से करीब 300 मीटर की दूरी पर कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कांडो निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र रामस्वरूप (21) की मौत हो गई। जबकि घंडूरी निवासी विशाल पुत्र धर्मपाल (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीण दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। लोगों ने दोनों को चाडना पीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों घायलों को नौहराधार सीएचसी रेफर किया। लेकिन, जितेंद्र ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। विशाल को नौहराधार अस्पताल से सोलन रेफर किया गया। विशाल के सिर व नाक में ज्यादा चोट लगने से सोलन से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। नौहराधार पुलिस ने सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। उधर, तहसीलदार नौहराधार राजीव रांटा ने मृतक के परिजनों को 10 हजार और घायल को पांच हजार फौरी राहत प्रदान की है।