पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा क्षेत्रों की नदियों में अवैध खनन जारी है। अवैध खनन की शिकायत मिलने पर वन विभाग के अधिकारियों ने शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की है। रविवार को पांवटा वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान पकड़े गए पांच ट्रैक्टर संचालकों से 95 हजार जुर्माना राशि वसूली गई है।
डीएफओ पांवटा की अगुवाई में वन विभाग की टीम ने यमुना नदी के संदिग्ध स्थलों पर रविवार को दबिश दी। इस दौरान रेत बजरी और पत्थर से भरे पांच ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। खनन के आरोप में पकड़े गए इन ट्रैक्टर संचालकों पर मौके पर ही कार्रवाई अमल में लाई गई। विभाग ने पकड़े गए पांच ट्रैक्टर संचालकों से 94 हजार 550 जुर्माना वसूला। पिछले दो दिन में वन विभाग ने पांवटा साहिब डीएफओ की अगुवाई में छापामारी की है। पहले भी तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा गया था। रविवार को भी पांवटा के डीएफओ के नेतृत्व में बीओ बलिराम शर्मा और फॉरेस्ट गार्ड संदीप कुमार, चमन, सुमंत व मोहनलाल की टीम ने छापामारी की। स्थलों के आसपास छापामारी कर ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। उधर, डीएफओ पांवटा साहिब कुनाल इंग्रिश ने कहा कि यमुना किनारे अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच ट्रैक्टर संचालकों को अवैध खनन करते हुए पकड़ा है। ट्रैक्टरों के संचालकों से 94550 रुपये जुर्माना राशि वसूली गई है। क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। अवैध खनन के खिलाफ वन विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।