अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
शमशेरपुर आईटीआई में शिक्षक पर हमला करने वाला छात्र पुलिस ने दबोच लिया है। सोमवार को आरोपी छात्र ने शिक्षक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया था। आरोपी से तेजधार हथियार भी बरामद कर लिया है। बुधवार को आरोपी अदालत में पेश किया जाएगा। घायल शिक्षक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि सोमवार को शमशेरपुर आईटीआई में सनसनीखेज वारदात हुई थी। आईटीआई कैंपस के बाहर कैंटीन में शिक्षक पर हमला हुआ था। अध्यापक नंद किशोर कैंटीन में चाय पीने पहुंचे थे। इस बीच आरोपी गुरप्रीत सिंह ने तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। सिविल अस्पताल पांवटा में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को परिजन देहरादून अस्पताल ले गए। इस मामले का आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। पांवटा आईटीआई शिक्षक पर हमले के मामले के आरोपी छात्र गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से तेजधार हथियार बरामद किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। डीएसपी ने कहा कि बुधवार को आरोपी अदालत में पेश किया जाएगा।