अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा में रिक्शा चालक की मारपीट मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पांच दिन बाद भी मामले में पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। हालांकि, पुलिस ने आरोपियों के सर्च अभियान को लेकर टीमें गठित की हैं। सभी टीमें संदिग्ध ठिकानों में दबिश देने के साथ-साथ एक टीम पंजाब भी भेजी गई हैं लेकिन अभी तक आरोपियों को सुराग नहीं लग पाया है।
ई-रिक्शा चालक जसवंत सिंह से एक सामाजिक संस्था के पूर्व प्रधान व सदस्यों ने बीती 9 नवंबर को बर्बरता से मारपीट की थी। पीड़ित रिक्शा चालक अस्पताल में उपचाराधीन है। बीते दिन दर्जनों लोगों ने रिक्शा चालक को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर प्रदर्शन किया। साथ ही पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
रिक्शा चालक के पक्ष में उतरे लोगों का कहना है कि यदि जल्द से जल्द पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती तो प्रदर्शन और तेज कर दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के चलते पुलिस की जांच भी प्रभावित हो रही है। फिर भी पुलिस आरोपियों को तलाश करने के लिए चप्पा-चप्पा छानने में लगी है।
उधर, पांवटा थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच चल रही है। आरोपियों को दबोचने के लिए टीमें गठित की गई हैं। एक टीम पंजाब भी भेज दी है। उन्होंने बताया कि स्थानीय संदिग्ध स्थलों में भी दबिश दी जा रही है।