पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के खारा जंगल में वन विभाग की टीमों ने शनिवार को छापामारी की है। पांवटा-माजरा पुलिस के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। टीमों ने खारा के जंगलों में अवैध शराब की 10 भट्ठियों और 1500 लीटर लाहन को नष्ट किया है। छापामारी के बाद शराब माफियाओं में हड़कंप मचा है।
बताया जा रहा है कि डीएफओ पांवटा को खारा के जंगलों में अवैध शराब माफिया के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग की दो टीमें बनाई गईं। टीम-1 में वन खंड अधिकारी खारा ग्यार सिंह के साथ वन रक्षक सुरजीत सिंह, अनिल कुमार, राजा राम, हरिचंद, सोता राम, संदीप कुमार और पुलिस विभाग से मुख्य आरक्षी कमलकांत शामिल रहे। वहीं, वन विभाग की दूसरी टीम में वन खंड अधिकारी पांवटा बली राम शर्मा, वन रक्षक वीरेंद्र सिंह, अनीता ठाकुर, श्याम लाल, तोता राम, बलबीर सिंह और पुलिस कर्मचारी जसविंद्र सिंह शामिल रहे। दोनों टीमों को खारा के जंगल में छापामारी का जिम्मा सौंपा गया। खारा के जंगल में दोनों टीमों ने अवैध शराब की 10 भट्ठियों और करीब 1500 लीटर लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। डीएफओ पांवटा कुनाल इंग्रीश ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की दो टीमों का वन खंड अधिकारी पांवटा व वन खंड अधिकारी खारा नेतृत्व कर रहे थे। खारा जंगल में 10 शराब की भट्ठियों और 1500 लीटर लाहन को नष्ट कर दिया गया है।