अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र के काहनूवाला में एक व्यक्ति ने गंडासे से हमला कर युवक को बुरी तरह जख्मी कर दिया। वारदात में युवक की दाहिनी बाजू कट गई। युवक के चाचा ने पुलिस चौकी राजबन में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। उधर, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक काहनूवाला निवासी सोम प्रकाश वीरवार शाम करीब 6 बजे घर की तरफ जा रहा था। इस दौरान हेमराज अपने हाथ में गंडासा लेकर आ धमका और सोमप्रकाश की बाजू पर हमला बोल दिया। आरोप है कि इस हमले में सोमप्रकाश की बाजू कट गई। बाजू से काफी खून बहने के बाद जब सोमप्रकाश वहां से जाने लगा तो हेमराज ने उसका रास्ता रोक लिया। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने की है। उन्होंने बताया कि सोमप्रकाश के चाचा जैसी सिंह ने राजबन पुलिस चौकी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।